छत्तीसगढ़

योगा करते समय पंजों के बल खड़ी हुई, अचानक हुई बेहोश और चली गई बीएचयू शोध छात्रा की जान

वाराणसी: काशी विश्वविद्यालय से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां आज विश्वविद्यालय में फिजियोलॉजी की शोध छात्रा अनुभा उपाध्याय की अचानक हुई मौत से हड़कंप मच गया। बताया गया अनुभा सुबह सात बजे तक एकदम फिट थीं। जानकारी के मुताबिक योग करने के दौरान उनकी मौत हुई है। मौत के बाद पूरे बीएचयू कैंपस में हड़कंप मचा हुआ है।

वार्मअप के दौरान आया चक्कर
बताया अनुभा के बेहोश होने की जानकारी पर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट की संभावना जतायी है। अनुभा मूल रूप से कुशीनगर की रहने वाली थी। उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है।

साथी छात्रा ने दी सूचना
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर डॉ. अभिमन्यु सिंह ने एनबीटी ऑनलाइन को बताया कि आज सुबह प्रॉक्टर ऑफिस में एक छात्रा के वर्कआउट करते समय बेहोश हो जाने की सूचना मिली। जिसके बाद तत्काल ही एंबुलेंस को वहां भेजा गया। अस्पताल ले जाने के क्रम में ही संभवत उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक चिकित्सा देकर उसे बचाने की कोशिश की। डॉक्टर ने कार्डियक अरेस्ट से मौत की आशंका व्यक्त की है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

अनुभा को थी एक दुर्लभ बीमारी

क्रिया-शरीर विभाग के वैद्य सुशील दुबे ने बताया कि सुबह सात बजे तक एकदम फिट थी। उन्होंने बताया कि उसे पहले से ही कोई बीमारी थी। दुर्लभ प्रकार की टाकायासू आर्थराइटिस बीमारी थी। उसके ब्लड नलियों मे सूजन की समस्या थी। सात बजे योग के दौरान उसके नांक से ब्लीडिंग होने लगी और वह बेहोश हो गई।

मूल रूप से कुशीनगर की है छात्रा
अनुभा उपाध्याय काशी हिंदू विश्वविद्यालय की फिजियोलॉजी विभाग की शोध छात्रा थी। जो मूल रूप से कुशीनगर की रहने वाली थी। अनुभा बीएचयू परिसर में ही वर्किंग वूमंस हॉस्टल के रूम नंबर 56 में रहती थी।